उन्नाव में दरिंदगी की हदें पार - 13 साल की किशोरी की गला घोंटकर हत्या, जंगल में फेंका शव

Dec 16, 2025 - 20:53
 0  135
उन्नाव में दरिंदगी की हदें पार - 13 साल की किशोरी की गला घोंटकर हत्या, जंगल में फेंका शव

*उन्नाव में दरिंदगी की हदें पार — 13 साल की किशोरी की गला घोंटकर हत्या, जंगल में फेंका शव*

संकल्प विज़न /उन्नाव- 

उन्नाव जिले में मानवता को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। बिहार क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय किशोरी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई, और उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया गया। किशोरी मंगलवार सुबह नित्यक्रिया के लिए खेत की ओर गई थी, लेकिन घंटों बाद भी घर नहीं लौटी। सात घंटे की तलाश के बाद जब उसका शव जंगल में मिला, तो परिजनों में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों के मुताबिक किशोरी का गला कसकर हत्या की गई, जबकि शव की हालत देख परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और सीओ व थाना पुलिस को शीघ्र राजफाश के निर्देश दिए।

पीड़िता के पिता ने गांव के ही युवक अमरजीत को नामजद करते हुए हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, हालांकि उसके अत्यधिक नशे में होने के कारण पूछताछ में दिक्कतें आ रही हैं।

सीओ मधुपनाथ मिश्र के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में गुस्सा उबाल पर है।

 एक नाबालिग की निर्मम हत्या ने फिर सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या गांवों में बच्चियां सुरक्षित हैं? और क्या दोषियों को जल्द सजा मिल पाएगी?

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 1
Sad Sad 0
Wow Wow 0