एक्स्ट्रा लगेज पर देना होगा अधिक भुगतान स्टेशन पर ही तुलेगा सामान, अब 10 घंटे पहले पता चलेगा रिजर्वेशन स्टेटस: - रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

Dec 17, 2025 - 21:56
 0  49
एक्स्ट्रा लगेज पर देना होगा अधिक भुगतान स्टेशन पर ही तुलेगा सामान, अब 10 घंटे पहले पता चलेगा रिजर्वेशन स्टेटस: - रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

Highlights :- 

रेल मंत्री ने लोकसभा में किया एलान                              एक्स्ट्रा लगेज पर देना होगा अतिरिक्त शुल्क                          सांसद के सवाल पर रेल मंत्री का जवाब

 नई दिल्ली - रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज बुधवार, 17 दिसंबर को लोकसभा में बड़ी जानकारी दी है। लोकसभा में प्रश्न के जवाब में अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अब ट्रेन में एक्स्ट्रा लगेज ले जाने पर यात्रियों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

लोकसभा में सांसद वेमिरेड्डी प्रभाकर रेड्डी ने अश्विनी वैष्णव से ट्रेन में अतिरिक्त सामान ले जाने पर सवाल पूछा। इस सवाल के जवाब में रेल मंत्री ने एक्स्ट्रा लगेज पर शुल्क देने की बात कही है।

अश्विनी वैष्णव ने दिया बड़ा बयान

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अभी के समय में कंपार्टमेंट में यात्री द्वारा अपने साथ ले जाने वाले सामान की श्रेणीवार अधिकतम सीमा तय की गई है। रेल मंत्री ने सदन में ये जानकारी लिखित में शेयर की।

सेकंड क्लास में कितना सामान ले जा सकते हैं?

संसद में पेश की गई जानकारी के मुताबिक, अगर कोई यात्री सेकंड क्लास में सफर कर रहा है, तो वह अपने साथ ज्यादा से ज्यादा 35 किलोग्राम वजन ले जा सकता है, जो कि बिना किसी शुल्क के लिए ले जाया जा सकता है। अगर आप इससे ज्यादा भार का सामान ले जाना चाहते हैं, तो 70 किलोग्राम तक वजन ले जा सकते हैं. इस अतिरिक्त सामान को ले जाने पर यात्री को शुल्क जमा करना होगा।

स्लीपर में कितना सामान ले जा सकते हैं?

स्लीपर क्लास के यात्री 40 किलोग्राम तक सामान फ्री में ले जा सकते हैं। वहीं इस कंपार्टमेंट में सफर करने वाले यात्रियों के लिए 80 किलोग्राम वजन तक का सामान ले जाने की अनुमति होगी।

एसी 3 टायर में कितना सामान ले जा सकते हैं?

ट्रेन में जो यात्री एसी 3 टायर या चेयर कार में सफर करते हैं, वो ज्यादा से ज्यादा 40 किलोग्राम वजन तक का ही सामान ले जा सकते हैं और उनके लिए लिमिट भी यही है।         

रिजर्वेशन चार्ट के लिए रेलवे ने बनाया नया नियम, अब 10 घंटे पहले पता चलेगा टिकट का स्टेटस

HighLights

नया नियम: रिजर्वेशन चार्ट अब पहले बनेगा

सुबह की ट्रेनों का चार्ट रात 8 बजे

दोपहर/रात की ट्रेनों का चार्ट 10 घंटे पहले

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे में रिजर्वेशन चार्ट बनाने का नया नियम लागू कर दिया गया है। अब यात्रियों को आखिरी वक्त तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इस संबंध में रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर पैसेंजर मार्केटिंग संजय मनोचा ने भारतीय रेलवे के 18 जोनों को अधिसूचना पत्र जारी कर इसे लागू करने का आदेश दिया है।

इसके अनुसार ट्रेनों का रिजर्वेशन चार्ट पहले से तय समय पर तैयार किया जाए, ताकि यात्रियों को समय रहते अपनी सीट की स्थिति पता चल सके।अभी तक कई बार ऐसा होता था कि ट्रेन चलने के बिल्कुल पास चार्ट बनता था। इससे यात्रियों को यह समझ नहीं आ पाता था कि उनका टिकट कंफर्म हुआ है या नहीं।

खासतौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों और रात में चलने वाली ट्रेनों के यात्रियों को काफी परेशानी होती थी। कई लोग आखिरी समय में ही सफर या रद करने का फैसला ले पाते थे।

नए नियम के तहत अब चार्ट यात्रा से काफी पहले बना दिया जाएगा। इससे यात्री पहले ही जान सकेंगे कि उनकी सीट कंफर्म है, वेटिंग है या आरएसी में है। इससे यात्रा की योजना बनाना आसान होगा, समय और पैसे दोनों की बचत होगी और बेवजह की टेंशन भी कम होगी।

पहला चार्ट सुबह और दोपहर की ट्रेनों के लिए:

सुबह 5:01 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच चलने वाली ट्रेनों का पहला रिजर्वेशन चार्ट अब एक दिन पहले रात 8 बजे तक तैयार कर दिया जाएगा। यानी अगर किसी यात्री की ट्रेन सुबह 6 बजे, 10 बजे या दोपहर 1 बजे है, तो उसे अपनी सीट की स्थिति एक रात पहले ही पता चल जाएगी। इससे यात्रियों को यात्रा की बेहतर तैयारी करने में आसानी होगी।

दोपहर और रात की ट्रेनों के लिए नई व्यवस्था:

दोपहर 2.01 बजे से रात 11.59 बजे तक और रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक रवाना होने वाली ट्रेनों के लिए पहला रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से 10 घंटे पहले तैयार किया जाएगा। इससे पहले यह चार्ट केवल 4 घंटे पहले बनता था और यात्रियों को आखिरी समय में ही जानकारी मिलती थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0