*लाखों यात्रियों को मिलेगी राहत, फरवरी से खुलेगा कानपुर-शुक्लागंज पीपा पुल*

Jan 5, 2026 - 18:25
 0  164
*लाखों यात्रियों को मिलेगी राहत,  फरवरी से खुलेगा कानपुर-शुक्लागंज पीपा पुल*

HighLights

1-प्रयागराज से आएंगे 120 पीपे, 80 लाख का बजट पीपा लाने में होगा खर्च

2-पुराने गंगा पुल के बंद होने से वैकल्पिक मार्ग तैयार।

3- डेढ़ करोड़ की लागत से 550 मीटर लंबा पुल निर्मित

संकल्प विज़न/ गंगाघाट -  कानपुर-शुक्लागंज के बीच फरवरी से पीपा पुल से आवागमन शुरू हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को पीपा पुल का तकनीकी टेंडर फाइनल कर दिया। प्रयागराज की एसएन इंफ्रा को पीपा पुल निर्माण की जिम्मेदारी लगभग फाइनल हो गई है। पुराने गंगा पुल के बंद होने और उसकी जगह 235 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल के निर्माण में लगभग दो साल का समय लगेगा।

इस दौरान लोगों के आवागमन में कोई दिक्कत न हो इसके लिए गंगा नदी पर पीपा पुल बनाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने बताया कि जनवरी के अंतिम सप्ताह तक पुल निर्माण का कार्य पूरा हो जाएगा, वहीं फरवरी से पीपा पुल पर आवागमन शुरू होगा। उन्नाव के शुक्लागंज क्षेत्र में पुराने गंगा पुल से लगभग तीन सौ मीटर की दूरी पर करीब साढ़े पांच सौ मीटर लंबा पीपा पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग कर रहा है। इसके लिए प्रयागराज से 120 पीपे मंगाए जाएंगे, जिन पर तैरता हुआ यह पुल तैयार होगा।

डेढ़ करोड़ का बजट जारी

पीपा पुल निर्माण के लिए शुक्रवार को प्रयागराज की एसएन इंफ्रा कंपनी की तकनीकी बोली को अंतिम रूप दे दिया गया। इस परियोजना के लिए शासन ने कुल डेढ़ करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। खास बात यह है कि पुल बनाने से अधिक खर्च पीपों को मंगाने में आएगा। करीब 80 लाख रुपये सिर्फ पीपों को ट्रालों के माध्यम से प्रयागराज से लाने में खर्च होंगे। इसके बाद इन्हें गंगा में उतारकर जोड़ते हुए पुल का ढांचा तैयार किया जाएगा।

10 वर्षों से नहीं हुआ निर्माण

इंजीनियरों का कहना है कि बीते करीब दस वर्षों में इस क्षेत्र में पीपा पुल का निर्माण नहीं हुआ है। पहले बिठूर क्षेत्र में हर वर्ष पीपा पुल बनाया जाता था, लेकिन वहां स्थायी पुल बन जाने के बाद यह व्यवस्था समाप्त हो गई थी। अब एक बार फिर पुराने गंगा पुल के पास से शुक्लागंज तक पीपा का पुल तैयार किया जाएगा, ताकि लोगों को वैकल्पिक मार्ग पुल मिल सके। पीपा पुल निर्माण को लेकर दोनों जनपदों के जनप्रतिनिधि लगातार मांग कर रहे थे।

सीएम ने दी स्वीकृति

लोगों की परेशानियों को समझते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्माण की स्वीकृति प्रदान करते हुए बजट दिया है। पीपा पुल बनने से रोजाना हजारों वाहन चालकों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, खासकर व्यापार, नौकरी और शिक्षा के लिए रोज सफर करने वालों को ज्यादा घूमकर शहर नहीं आना पड़ेगा।

उन्नाव के शुक्लागंज से पुराने गंगा पुल से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर पीपा पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए शासन ने डेढ़ करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध करा दिया है। टेंडर प्रक्रिया में तकनीकी बिड पूरी हो चुकी है। प्रयागराज की फर्म पीपा पुल का निर्माण करेगा। फरवरी माह से पुल पर आवागमन शुरू करा दिया जाएगा।

अनूप कुमार मिश्र, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 1
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0