उन्नाव में 4 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की तैयारी, जारी होगा नोटिस
संकल्प विज़न / उन्नाव :- जिले में एसआईआर का कार्य लगभग 99 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। अब तक चार लाख से अधिक ऐसे मतदाता मिले हैं जो मतदाता सूची से बाहर किए जाने वाली श्रेणी में आ रहे हैं।
निर्वाचन प्रशासन इनके नाम मतदाता सूची से हटाने के पहले नोटिस जारी कर उनसे दावा और आपत्तियां लेगा उसके बाद आयोग की अनुमति लेकर मतदाता सूची से नाम हटा दिए जाएंगे।
इस बीच आयोग द्वारा एसआईआर कार्य की तिथि बढ़ा दिए जाने से निर्वाचन प्रशासन और एसआईआर कार्य में लगे कर्मचारियों को राहत मिली है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड ने बताया कि जिले में 23,25,053 मतदाताओं में से 23,24,761 मतदाताओं को गणना फार्म वितरित किए थे।
जिनमें 19,16,449 गणना फार्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। वितरित किए गए गणना फार्मों में अब तक 6896 फार्म वापस जमा नहीं हो पाएं हैं। गुरुवार तक एसआईआर में 4,03,534 ऐसे मतदाता मिले हैं जो मतदाता सूची से बाहर किए जाने वाली श्रेणी में शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इन मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के पहले शुक्रवार 12 दिसंबर को सभी बूथों पर बीएलओ, राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बूथों पर बैठक होगी। उसमें जिन नामों को सूची से हटाने की सहमति बनेगी उस सूची पर सभी के हस्ताक्षर होंगे।
नोटिस जारी कर पक्ष भी लिया जाएगा उसके बाद सूची से नाम हटाने की कार्रवाई होगी। अब तक 6896 फार्म मतदाताओं ने भरकर वापस जमा नहीं किया है। सर्वाधिक फार्म भगवंतनगर में वापस नहीं मिले हैं।
अधिक और कम मैपिंग वाले बूथों के मतदाताओं का अफसर करेंगे सत्यापन
एसआईआर का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब जहां सबसे अधिक और जहां सबसे कम मतदाताओं की मैपिंग हुई है उन बूथों पर रजिस्ट्रीकरण निर्वाचन अधिकारी और मजिस्ट्रेटों को लगाकर सत्यापन कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम गौरांग राठी ने बताया कि इसके लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में अधिकारियों को लगाकर सत्यापन कर रिपोर्ट देने को कहा है।
अब 26 दिसंबर तक जमा होंगे प्रपत्र
निर्वाचन आयोग ने एसआईआर की समयसीमा 15 दिन बढ़ा दी है। इससे कार्य में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। पूर्व में निर्धारित तिथि 11 दिसंबर तक जिले में कुल 23.25 लाख वोटरों में सदर के 126 और भगवंतनगर के 163 मतदाताओं तक गणना प्रपत्र नहीं पहुंच पाए थे। साथ ही वापसी और मैपिंग का कार्य भी 82 फीसदी ही हो पाया था। अब 15 दिन का समय मिलने पर अधिकारियों का दावा है कि काम पूरा कर लिया जाएगा।
यह है नई समय सारिणी
-अब 26 दिसंबर तक गणना प्रपत्र भरे जा सकेंगे
-अनंतिम मतदाता सूची 31 दिसंबर को जारी होगी
-30 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी
-21 फरवरी तक दावों और आपत्तियों का निस्तारण होगा
-अंतिम मतदाता सूची अब 28 फरवरी को जारी होगी
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
2
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0