अयोध्याधाम में अब पुलिस बूथों का स्वरूप भी मंदिर की भांति, होगा पौराणिकता का आभास

Nov 30, 2025 - 18:57
 0  11
अयोध्याधाम में अब पुलिस बूथों का स्वरूप भी मंदिर की भांति, होगा पौराणिकता का आभास

अयोध्या : रामपथ के किनारे भवनों का मुखड़ा (फसाड) तय होने के बाद अब पुलिस बूथों पर भी इसका प्रयोग किया जा रहा है। अयोध्याधाम की पौराणिकता का आभास यहां बनने वाले पुलिस बूथ भी कराएंगे।

रामनगरी में इसका काम आरंभ कर दिया गया है। यहां दो पुलिस बूथों का निर्माण कराया गया है, जिसका स्वरूप देखने में मंदिर की भांति की है। इस पुलिस बूथों का निर्माण पुलिस की मांग पर विकास प्राधिकरण ने कराया है। रामनगरी के पुलिस बूथ आकर्षण का केंद्र बन गए हैं, जहां से सुरक्षा कर्मी निरंतर अयोध्याधाम की निगरानी एवं श्रद्धालुओं की मदद कर रह रहे हैं।

राममंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व रामनगरी के समग्र विकास को लेकर बने विजय डाक्यूमेंट में रामपथ के किनारे भवनों का फसाड तय किया गया है। ताकि यहां आने वालों को आध्यात्मिक नगरी में होने का आभास हो सके। इसमें भवनों का रंग एक जैसा और बाहरी स्वरूप मंदिर की भांति है। अब प्राधिकरण ने नया प्रयोग शुरू किया है।

अयोध्याधाम में बनने वाले पुलिस बूथों को भी मंदिर के स्वरूप में ढाला जा रहा है। टेढ़ी बाजार एवं लता चौक पर दो पुलिस बूथ का निर्माण हो चुका है। इसके अतिरिक्त श्रीराम अस्पताल, दंतधावन कुंड, पोस्ट आफिस तिराहा, श्रृंगारहाट, हनुमानगढ़ी बाहरी गेट पर दो, हनुमानगुफा सहित दस और स्थानों पर पुलिस बूथ बनेंगे।

विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता आलोक सिंह ने बताया कि यह पुलिस बूथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त और वातानुकूलित हैं। यह बूथ एल्युमीनियम कंपोजिट पैनल (एसीपी) शीट से बने हुए है। एसीपी शीट में एल्युमीनियम की दो पतली शीटें होती है, जिनके बीच में पालीथीन जैसा एक कोर होता है। यह हल्की होने के साथ-साथ मजबूत और टिकाऊ और मौसम प्रतिरोधी होती है।

एक बूथ के निर्माण की लागत करीब छह लाख रुपये हैं। दोनों बूथों का क्षेत्रफल अलग-अलग है। पुलिस के उच्चाधिकारियों से विचार-विमर्श के उपरांत हेरिटेज लुक वाले इन बूथों का निर्माण कराया है। पुलिस की मांग पर ऐसे बूथों का विस्तार रामनगरी में किया जाएगा। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि रामनगरी में इन दो बूथों के अतिरिक्त दस और पुलिस बूथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाए जाएंगे। प्रवेश मार्गों पर बनने वाले बूथों का बाहरी स्वरूप मंदिर की भांति रखने को प्राथमिकता दी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0