तीन बार उन्नाव के सांसद रहे भाजपा नेता देवीबक्श सिंह का निधन, 85 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

Feb 9, 2026 - 15:48
 0  155
तीन बार उन्नाव के सांसद रहे भाजपा नेता देवीबक्श सिंह का निधन, 85 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

संकल्प विज़न /शुक्लागंज (उन्नाव) :- भारतीय जनता पार्टी से तीन बार उन्नाव के सांसद रहे 85 वर्षीय पूर्व सांसद देवीबक्श सिंह का सोमवार को दोपहर लगभग 12 बजे उपचार के दौरान कानपुर के एक नर्सिंग होम में निधन हो गया। वह तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। स्वजन ने बताया कि उन्हें निमोनिया की दिक्कत हो जाने पर तीन दिन पहले नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया था।

वह वर्ष 1991 से 1999 तक लगातार तीन बार सांसद रहे। उनके निधन से नगर में शोक की लहर दौड़ गई है। श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का उनके शुक्लागंज राजधानी मार्ग स्थित निवास पर आना जाना शुरू हो गया है।

ग्राम प्रधानी से संसद तक का सफर

पांच बार लोकसभा चुनाव लड़ने वाले दिवंगत पूर्व सांसद देवी बक्श सिंह का राजनीतिक सफर ग्राम प्रधानी से शुरू हुआ था। वह बीघापुर के ग्राम करमी गढ़ेवा के प्रधान रहने के साथ ही 1991 से 1999 तक लगातार तीन बार सांसद चुने गए। इससे पूर्व उन्होंने 1989 में प्रथम नगर पालिका गंगाघाट के चेयरमैन का चुनाव भी लड़ा था जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था और , रामशंकर पाल विजयी हुए थे। राजनीतिक समीकरण बदले और वर्ष 1999 में उन्हें सपा के दीपक कुमार से तथा वर्ष 2004 में बसपा के ब्रजेश पाठक से लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से था गहरा लगाव

स्वजन के मुताबिक, पूर्व सांसद का पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी से गहरा लगाव था। एक संस्मरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि एक बार अटल जी शुक्लागंज आए थे और उन्हें अपने साथ फूलबाग कानपुर के मैदान में आयोजित जनसभा में ले गए थे। वह लालकृष्ण आडवाणी और राजनाथ सिंह के भी बेहद करीबी रहे।

रामजन्म भूमि आंदोलन में जेल भी गए थे

इसके अलावा, रामजन्म भूमि आंदोलन में वह जेल भी गए थे। स्वजन ने बताया कि वह लगभग एक वर्ष से बीमार चल रहे थे। निमोनिया होने की वजह से उन्हें तीन दिन पहले कानपुर स्थित चांदनी नर्सिंग होम में भारती कराया गया था। 10 फरवरी दिन मंगलवार को उनका मिश्रा कालोनी स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कराया जाएगा।

पीछे छोड़ गए भरा-पूरा परिवार

पूर्व सांसद अपने पीछे छोटे बेटे उदय वीर सिंह व दो बेटियों किरन सिंह व सीमा सिंह को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी किरन सिंह कानपुर के विकासनगर व छोटी बेटी नोएडा में रहती हैं। उनके बड़े बेटे महावीर सिंह का बीते 5 दिसंबर 2025 को किडनी की बीमारी के चलते निधन हो चुका है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 1
Wow Wow 0