विपक्ष को आगामी चुनावों में अपनी हार दिख रही इस लिए कर रहे SIR का विरोध - ब्रजेश पाठक

Nov 30, 2025 - 18:53
 0  19
विपक्ष को आगामी चुनावों में अपनी हार दिख रही इस लिए कर रहे SIR का विरोध - ब्रजेश पाठक

संकल्प विज़न /उन्नाव- उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि जिस तरह एसआइआर को लेकर विपक्ष दुष्प्रचार कर रहा है उससे साफ पता चल रहा है कि आने वाले चुनाव में विपक्ष को अपनी हार संभावित दिख रही है। जिस तरह से बिहार में विपक्ष के माफियाराज, गुंडाराज, जंगलराज का जनता ने सफाया कर राजग को समर्थन दिया है, उसकी हवाएं उत्तर प्रदेश में आ रहीं हैं।

जिसे महसूस करते हुए अखिलेश यादव जी के पेट में दर्द हो रहा है। उनको आगामी भविष्य दिख रहा है कि समाजवादी पार्टी के गुंडाराज, माफियाराज को प्रदेश के लोग कभी स्वीकार नहीं करेंगे उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा। आज प्रदेश की चर्चा विकास के लिए हो रही है। 2017 से पहले प्रदेश की चर्चा गुंडई के मोर्चे पर होती थी।

उपमुख्यमंत्री रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी के सिविल लाइन स्थित आवास पहुंचे जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया के सवालों पर उक्त बात कही। उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं अखिलेश के राज में गुंडा और माफियाराज चलता था। वन ड्रिस्ट्रिक्ट वन माफिया था।

योगी सरकार में गुंडा माफिया जेल के सीखचों के पीछे हैं। आज प्रदेश में विकास की बात होती है। जो भी गुंडा या ड्रग माफिया हैं कोई बचेगा नहीं सभी जेल जाएंगे। उन्होंने उन्नाव जिला अस्पताल में हृदयरोग विशेषज्ञ न होने व विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से ट्रामा सेंटर का सुचारू रूप से संचालन न होने के सवाल पर कहा कि पूरे प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है।

हम तो डीएम और सीएमओ से कह चुके हैं कि अगर पांच लाख रुपया मानदेय तक कोई विशेषज्ञ काम करना चाहे तो प्रस्ताव भेजें उसकी तैनाती की जाएगी। अगर कोई विशेषज्ञ यहां आना चाहता है तो आवेदन करे उसकी तैनाती कर दूंगा। आरक्षण के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान के अनुसार सरकार चला रही है।

हमारी सरकार सभी को मजबूती देने का काम कर रही है। अनुसूचित और पिछड़े वर्ग को प्राथमिकता के आधार पर बाबा साहब के संविधान के अनुसार मुख्यधारा में लाने का पूरा प्रयास सरकार कर रही है।

उपमुख्यमंत्री ने मतदाताओं को एसआइआर फार्म भी वितरित किए। सांसद डा. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज, सदर विधायक पंकज गुप्ता व संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। यहां से वह कानपुर के लिए रवाना हो गए।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0