आनंद - परिषी ने सगाई पर दिया पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश

Nov 15, 2025 - 21:36
Nov 15, 2025 - 21:39
 0  6
आनंद - परिषी ने सगाई पर दिया पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश

आनंद - परिषी ने सगाई पर दिया पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश

संकल्प विज़न / उन्नाव- सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ एवं सब इंस्पेक्टर रीना पांडे के सुपुत्र आनंद कृष्ण मिश्रा की सगाई आज बड़े ही सादगीपूर्ण एवं पर्यावरणमय वातावरण में संपन्न हुई। जहाँ अधिकांश सगाइयाँ रोशनी और शोर-शराबे में डूब जाती हैं, वहीं आनंद और उनकी होने वाली जीवनसंगिनी परिषी ने इस अवसर को पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता का मंच बना दिया।

सगाई समारोह के दौरान दोनों ने संयुक्त रूप से यह प्रेरणादायी संदेश दिया— “हम अपने रिश्ते की तरह ही हमारे ग्रह की भी देखभाल करने का वादा करते हैं। हमारा यह नया सफर पृथ्वी के प्रति प्रेम और सम्मान के साथ शुरू होगा। हम मिलकर एक हरा-भरा भविष्य बनाने को संकल्पित रहेंगे।”

आनंद कृष्ण मिश्रा वर्तमान में अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और परिषी भी देहरादून की सुप्रसिद्ध यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही हैं। आनंद को बचपन से ही उनके पिता अनूप मिश्र द्वारा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदना की सीख दी गई थी — जिसे उन्होंने अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बना लिया है।

अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ स्वयं पिछले तीन दशकों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। उन्होंने अपने सामाजिक अभियानों के माध्यम से वृक्षारोपण, स्वच्छता, और जल-संरक्षण के प्रति आमजन में निरंतर जागरूकता फैलाई है। आनंद और उनकी मंगेतर परिषी ने इस प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए अपनी सगाई को एक “ग्रीन सेरेमनी” का रूप दिया, जिसमें प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह से वर्जित था, मेहमानों को पौधे भेंट किए गए, और ‘ग्रीन संकल्प कार्ड’ के माध्यम से सभी से पर्यावरण की रक्षा का वचन लेने का आग्रह किया गया।  

अपने बचपन में ही आनंद ने गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के जीवन में शिक्षा की रोशनी पहुँचाने का कार्य शुरू कर दिया था। उन्होंने ‘बाल चौपाल’ के माध्यम से ऐसे बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ा, एक लाख से अधिक बच्चों को स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया, तथा करीब दो हजार बच्चों का स्वयं नामांकन करवाया। इस अवसर पर डा. रचना सिंह, डा. प्रदीप वर्मा, डा. अल्पना शुक्ला , सुधीर कुमार त्रिपाठी शकुंतला त्रिपाठी, वीरेंद्र तिवारी (पूर्व राज्य मन्त्री ) सहित प्रदेश के कई गणमान्य समाजसेवी एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे, जिन्होंने इस अनोखी “ग्रीन सगाई” की सराहना करते हुए कहा कि — “यह सगाई केवल दो आत्माओं का मिलन नहीं, बल्कि प्रकृति, प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का संगम है।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0